उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की संख्या को रोकने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है। अब डेंगू की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार ने एक नया प्लान तैयार किया है। जिसमें एक जगह पर 10 से अधिक मरीज मिलने पर उस क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया जाएगा।
जहां पर प्रत्येक घर में लार्वा नष्ट करने के लिए सफाई अभियान के साथ फॉगिंग की जाएगी। इतना ही नहीं प्रत्येक कंटेनमेंट जोन में निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नामित होंगे। प्रदेश में डेंगू मरीजों की संख्या 1,130 पहुंच गई है। जिसमे से सबसे अधिक 655 मामले देहरादून में सामने आए हैं।
देहरादून में रोजाना डेंगू के मामले बढ़ने पर नगर निगम के 100 वार्डों में रोकथाम के लिए नए प्लान पर काम होगा। डेंगू से बचाव और रोकथाम के लिए नगर निगम देहरादून के 100 वार्डों में लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य, नगर निगम, शहरी विकास की टीम बनेगी।
राज्य सचिवालय में सोमवार को सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार ने डेंगू नियंत्रण समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में तय किया गया कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों से अगले चार दिन देहरादून जनपद में डेंगू को लेकर महाअभियान चलाया जाएगा। जनपद में चिकित्सा अधिकारी और आशाओं को घर-घर जन जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। साथ ही अगर कहीं डेंगू का लार्वा है तो उसको नष्ट करने का काम भी करेंगी। इसके साथ ही अगर जनता डेंगू को लेकर कोई जानकारी लेना चाहे तो चिकित्सा अधिकारी उसको जानकारी देने का काम भी करेंगे।