उत्तराखंड में बिजली मीटर रीडिंग में बड़ी चूक, बढ़ेगी हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी

उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड की ताजा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के कई सर्किलों में पांच प्रतिशत तक उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग समय पर नहीं हो पा रही है, इससे उपभोक्ताओं के बिलिंग की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं को औसत बिल थमाने का खतरा पैदा हो गया है।

सबसे अधिक प्रभावित सर्किलों में हरिद्वार जोन का रुड़की सर्किल शीर्ष पर है, जहां छह प्रतिशत से अधिक मीटर ऐसे पाए गए हैं, जिनमें रीडिंग नहीं हाे सकी है। इसके अलावा हरिद्वार सर्किल में यह आंकड़ा पांच प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है।
गढ़वाल जोन के श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग सर्किलों में भी चार से पांच प्रतिशत तक मीटर रीडिंग नहीं हो सकी। वहीं कुमाऊं और रुद्रपुर जोन की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, जहां अधिकांश सर्किलों में नॉट मीटर रीडिंग का आंकड़ा एक प्रतिशत से नीचे दर्ज किया गया है। साफ है कि हरिद्वार और गढ़वाल जोन में मीटर रीडिंग की समस्या लगातार बनी हुई है।