उत्तराखंड में मौसम शुष्क बने रहने के चलते गर्मी जाने का नाम नहीं ले रही है। सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है लेकिन दिन के समय चटक धूप के कारण खासी गर्मी हो रही है। पहाड़ों पर भी मौसम सामान्य बना हुआ है। बर्फबारी अधिक नहीं होने के कारण मैदानी इलाकों में ठंड उस प्रकार की नहीं दिख रही है। मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में मौसम में कोई बड़े बदलाव के संकेत नहीं दिख रहे हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज भी उत्तराखंड में मौसम सामान्य रहेगा। वहीं, मैदानी इलाकों में कोहरा लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है। मानसून की विदाई के बाद से ही उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना हुआ है। नवंबर का महीना खत्म होने वाला है, लेकिन गर्मी अभी भी हो रही है।
पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। जिसकी वजह से सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण वाहन चालकों की दुश्वारियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार , रविवार को देहरादून में मौसम साफ रहेगा। दिन में चटख धूप निकलेगी। वहीं, रात में ओस-पाल का असर दिखेगा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है। आने वाले सप्ताह में राजधानी समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में आसमान में धुंध का असर दिख सकता है।