बागेश्वर उप चुनाव में भाजपा की धमक कायम रही। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने 2405 मतों से जीत हासिल की। हालांकि शुरुआती रुझान में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने कड़ा मुकाबला चल रहा था। बागेश्वर विधानसभा सीट से धामी मंत्रिमंडल के सदस्य रहे चंदन राम दास की बीमारी से हुए निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गयी थी। भाजपा ने इस सीट पर उनकी पत्नी पार्वती दास को अपना उम्मीदवार बनाया था।
बागेश्वर उपचुनाव नतीजों पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “मैं बागेश्वर के मतदाताओं का आभार व्यक्त करना चाहता हूं… मैं पार्वती दास को बधाई देना चाहता हूं और यह जीत चंदन दास को श्रद्धांजलि है। हम उनके अधूरे काम को पूरा करेंगे। मैं एक बार फिर बागेश्वर की जनता को बधाई देता हूं कि उन्होंने देश और उत्तराखंड में पीएम मोदी की नीतियों का समर्थन किया।
भाजपा ने बागेश्वर उपचुनाव की जीत को स्वर्गीय चंदन राम दास के कामों, धामी सरकार की विकास नीति व डबल इंजन की सरकार के कार्यों पर जनता की मुहर बताया। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे 2024 लोकसभा चुनाव के लिए शुभ बताते हुए सभी सीट जीतने का दावा किया।