कादरी बाबा ने जिन्नात पैसे डबल कर देगा बोलकर ग्रामीणों से ठगे डेढ़ करोड़ रुपये

पुलिस ने मजहबी अंधविश्वास फैलाकर लोगों का धन दोगुना करने का झांसा देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सरगना सरताज अली उर्फ कादरी बाबा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने ग्रामीणों से करीब 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है।


शिकायतकर्ता शकील अहमद निवासी बांसखेड़ा के अनुसार, करीब एक साल पहले सरताज अली उर्फ कादरी बाबा एक मजहबी जलसे में मुख्य अतिथि बनकर गांव आया था। वहां उसने दावा किया कि उस पर जिन्नात आता है जो पैसे डबल कर देता है। कादरी व उसके साथियों ने लोगों से 15,500 जमा करने और 40 दिन मजहबी सेवा करने पर 20,000 रुपये वापस मिलने का दावा किया था।
गांव के कम पढ़े लिखे लोगों को अपने झांसे में लेकर कादरी बाबा ने करोड़ों रुपए ठग लिए। जब लोगों ने अपना पैसा वापस मांगा तो उन्हें गालीगलौच और जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपित सरताज अली उर्फ कादरी बाबा, शफीक व आरिफ गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के रामपुर भाग गए थे।ठगी के पैसों से शफीक ने 20 लाख का नया मकान और कार खरीदी, जबकि मोहम्मद आरिफ ने 10 लाख का प्लाट खरीदा।
वहीं, मुख्य आरोपित कादरी ने ग्राम धीमरखेड़ा में आलीशान घर और बोलेरो खरीदी। अब तीनों पुलिस की गिरफ्त में हैं।