कुमाऊं व नागा रेजिमेंट के भूतपूर्व सैनिकों को देशसेवा का एक और अवसर दिया जा रहा है। वह सेना से अवकाश प्राप्ति के बाद अब डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में भर्ती होकर दोबारा योगदान दे सकेंगे। कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर मुख्यालय के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में सिपाही जनरल ड्यूटी (जीडी) व सिपाही क्लर्क (एसडी) के पदों के लिए नौ से 14 मार्च तक यह भर्ती प्रक्रिया चलेगी। इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा की कसौटी पर खरे यानि मेडिकल केटेगरी शेप-वन पूर्व सैनिक ही हिस्सा ले सकेंगे।

केआरसी मुख्यालय स्थित भर्ती अधिकारी कार्यालय के अनुसार सिपाही जीडी पद पर भर्ती के लिए 31 मार्च 2024 से 28 फरवरी 2026 तक अवकाश प्राप्त तथा आयुसीमा 46 वर्ष से कम वाले पूर्व सैनिक हिस्सा ले सकेंगे। साथ ही अवकाश प्राप्ति की अवधि दो वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। सिपाही क्लर्क (एसडी) के लिए 31 मार्च 2021 से 28 फरवरी 2026 तक अवकाश प्राप्त ऐसे भूतपूर्व सैनिक जिनकी सेवानिवृत्ति अवधि पांच वर्ष से अधिक न हो और आयु 48 वर्ष से कम हो, वही भर्ती रैली में हिस्सा लेंगे।
भर्ती कार्यालय के अनुसार नौ मार्च की प्रात: 6:30 बजे से अभ्यर्थियों की जांच होगी। 12 व 13 मार्च को प्रात: 6:30 बजे प्रारंभिक स्क्रीनिंग व शारीरिक मापदंड परीक्षा होगी। भर्ती प्रक्रिया में तय समय पर पहुंचने के साथ ही अभ्यर्थियों को डिस्चार्ज बुक, एजीआई एक्सटेंडेड इंश्योरेंस, एटीसी, शैक्षिक व अवतीर्ण प्रमाणपत्र, एक्स टीए पर्सनेल की मूल प्रतियां व पासपोर्ट साइज की 16 रंगीन फोटो साथ लानी अनिवार्य होंगी।