घर के बाहर झाडू लगाने के बाद एकत्र कूड़े को लेकर पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की महिलाओं के ऊपर तेजाब फेंक दिया। जिसमे पांच महिला एवं यहां से गुजर रहा एक व्यक्ति झुलस गया। झुलसे लोगों को मंगलौर स्थित सीएचसी पर भर्ती कराया गया। एक पक्ष की ओर से इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है।
मंगलवार की दोपहर मंगलौर के मोहल्ला कटहडा मे युवति अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इलमा ने झाड़ू लगाने के बाद कूड़े को पास के एक कोने में एकत्र कर दिया। तभी पड़ोस में रहने वाली महिलाओं द्वारा अपने घर के पास कूड़ा इकट्ठा करने का विरोध किया।
जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि महिलाओं ने युवति के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर होने के बाद युवति की मां के अलावा परिवार की अन्य तीन महिलाएं भी वहां पर पहुंची। उन्होंने झगड़ा होने के कारण को जानना चाहा। तभी दूसरे पक्ष की महिलाओं और पिता पुत्र ने उनके साथ भी गाली गलौज करते हुए जमकर हंगामा किया और सबको पीटना शुरू कर दिया।
तभी एक युवक अपने घर से तेजाब की प्लास्टिक की केन लेकर आ गया और उसने युवति और उसके स्वजनों पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब फेंकने से सभी झुलस गए। जिसमे वहा से गुजर रहा एक व्यक्ति भी तेजाब से झुलस गया। अचानक से महिलाओं पर तेजाब डालने से अफरा तफरी मच गई।आरोपित पक्ष मौके से भाग निकला। तेजाब से झुलसी पांचो महिलायो को तुरंत मंगलौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। घटना के संबंध में पुलिस को भी सूचना दी गई।