मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ की तैयारियों और नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कुंभ के सफल, सुव्यवस्थित व पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत 408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त राशि जारी करने करने के साथ ही इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे असिंचित भूमि की सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक पानी उपलब्ध हो सकेगा। जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। परियोजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान भी होगा।