रविवार की सुबह से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सोनानदी वन्यजीव विहार का वतनवासा-हल्दूपड़ाव जोन और पाखरो पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। गेट खुलते ही जंगल की सैर, वन्यजीवों का दीदार और रोमांच से भरपूर सफर का इंतजार कर रहे पर्यटक जिप्सी सफारी का लुत्फ उठाते हुए वतनवासा और पाखरो गेट पहुंचे। यहां उनका स्वागत केटीआर के अधिकारी और कर्मचारियों ने फूल माला डालकर किया। वन अधिकारियों की आवभगत से पर्यटक गदगद हो उठे।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (केटीआर) के सोनानदी वन्यजीव विहार का वतनवासा-हल्दूपड़ाव जोन और पाखरो पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। मानसून सत्र के चलते 15 जून को बंद किए गए इन पर्यटन जोन में अब एक बार फिर जंगल सफारी की रौनक लौट गई है।
वतनवासा गेट पर केटीआर के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) और पाखरो गेट पर एसीएफ अनामिका बुक्करवाल की अगुवाई में वन कर्मियों ने पर्यटकों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
यहां उन्हें बाघ, तेंदुए, हाथी समेत कई वन्यजीवों और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का रोमांचक अवसर मिलेगा। जंगल में प्रवेश के दौरान पर्यटक उत्साहित नजर आए। वतनवासा-हल्दूपड़ाव जोन को सोनानदी वन्यजीव अभयारण्य के नाम भी जाना जाता है। यहां पर्यटकों को बाघ, हाथी और अन्य वन्यजीवों के दीदार होते हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगल और वन विश्राम गृह पर्यटकों के आकर्षण के मुख्य कारण हैं, जो उन्हें शांत और यादगार अनुभव प्रदान करते हैं।