खेलते समय हुए झगड़े में 12 साल के बच्चे के सिर में डंडा मारकर की हत्या, नाबालिग ने दिया वारदात को अंजाम

खेलते समय हुए झगड़े में एक नाबालिग ने दूसरे बच्चे के सिर में डंडा मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर में सोमवार दोपहर बच्चे आपस में आंबेडकर पार्क में खेल रहे थे। वहां बच्चों में किसी बात पर झगड़ा हो गया। इस बीच भानू (12) पुत्र बालेंद्र के सिर पर डंडे से वार किया गया। इसके बाद पार्क में मौजूद बच्चे वहां से भाग गए और भानू घर पहुंचा। वहां भानू ने परिवार को सिर पर डंडा लगने की बात कही और बेहोश हो गया। परिवार के लोग भानू को बीएसएम तिराहा स्थिति निजी अस्पताल ले गए।
वहां चिकित्सकों ने भानू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्राथमिक पड़ताल में हत्यारोपी के नाबालिग होने की बात सामने आ रही है। केस की पड़ताल कर हत्या के सही कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही हैं। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।