गंगोत्री ,केदारनाथ और यमुनोत्री धामों के कपाट के साथ पंजीकरण भी हुए बंद

केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद पर्यटन विभाग ने यात्रा पंजीकरण पोर्टल भी बंद कर दिए है।अब पंजीकरण पोर्टल केवल बदरीनाथ धाम के लिए खुला है। अब तक चारधाम यात्रा के लिए 75 लाख यात्रियों ने पंजीकरण किया है। जिसमे से 55.80 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

22 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के लिए इस बार प्रदेश सरकार ने पंजीकरण अनिवार्य किया था। यात्रा शुरू होने से पहले पर्यटन विभाग ने पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
बुधवार को विधि-विधान से केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद हो गए। जबकि बीते दिन गंगोत्री धाम के कपाट बंद हुए हैं। पर्यटन विभाग ने तीन धामों की यात्रा के लिए पंजीकरण बंद कर दिया है। बदरीनाथ धाम के कपाट 18 नवंबर को बंद होंगे। तब तक बदरीनाथ की यात्रा के लिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इस बार 19.61 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगाई है। चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है।