प्रदेश में गणेशोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों शोरों से चल रही हैं। विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित होने वाले गणेशोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हर साल श्री गणेश उत्सव मंडल रिफाइनरी समिति सराफा बाजार की ओर से धामावाला में गणेशोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाता है।जिसके लिए मुंबई से बप्पा की मूर्ति शनिवार को दून पहुंची है।
19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इस वर्ष की मूर्ति को विशेष रूप से तैयार किया गया है। मूर्ति में भगवान गणेश के साथ राममंदिर की झलक है। 19 से 25 सितंबर तक सुबह शाम आरती के बाद रात को झांकियों का आयोजन किया जाएगा। 24 सितंबर को भंडारे का आयोजन होगा। 25 सितंबर को सुबह 11 बजे बप्पा की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम सात बजे ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट में बप्पा की मूर्ति को विसर्जित किया जाएगा।
गणेशोत्सव को लेकर राजधानी में बप्पा की मनमोहक मूर्तियों से बाजार सजने लगे हैं। शहर में कई जगह अस्थायी दुकानें भी लगी हैं। मूर्तिकार अलग-अलग डिजाइन और पैटर्न में गणेश प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं।