दादी घास काटने लगी तो चचेरे भाई-बहन गौला नदी में नहाने चले गए। इस दौरान दोनो की मृत्यु हो गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकला गया। शव मिलने पर स्वजन में कोहराम मच गया।
शनिवार सुबह वार्ड 18 सिरोली कलां निवासी फरमूदन पत्नी लतीफ अहमद पुलभट्टा थाना अंतर्गत गौला नदी किनारे मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। उसका पोता आठ वर्षीय पुत्र व नौ वर्षीय पोती के साथ ही उसकी पुत्री के दो पुत्र भी उसके साथ गए थे।
वह घास काटने लगी तो चारों बच्चे गौला नदी में नहाने चले गए। नदी में उप खनिज निकाले जाने के कारण बने गड्ढे में पोता व पोती डूब गए। साथ गए दो पुत्र ने भागकर अपनी नानी को यह जानकारी दी। यह सूचना सिरोली कलां तक पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
उन्होंने नदी में डूबे बच्चों की खोज प्रारंभ की। दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने बच्चों को खोजा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आठ वर्षीय पोते को जब नदी से बाहर निकाला गया, पेट दबाकर पानी बाहर निकालने के दौरान उसके शरीर में कुछ हलचल मची। लेकिन पुलिस के वहां पहुंचने के बाद भी एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं की जा सकी। इसके चलते लोग दोनों बच्चों को गोद में पकड़कर ले जाने लगे। आगे जाकर निजी वाहन के माध्यम से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया।