चमोली के नीती घाटी में बर्फ से ढके गांव

उत्तराखंड में आज मौसम का मिजाज बदला और उसी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। वहीं उच्च हिमालय क्षेत्रों में भी बर्फबारी देखने को मिली। सीमांत जनपद चमोली के नीती घाटी के दूरस्थ गांव द्रोणागिरी में बर्फबारी से घर ढक गए हैं।


बारिश के साथ ही बर्फीली तूफान भी चलने से यहां लोगों के लिए समस्या खड़ी हो गई। विकास खंड जोशीमठ के सबसे दूरस्थ गांव द्रोणागिरी में कई मकानों की छते बर्फीली हवा से उड़ गई है जिससे गांव के कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
शुक्रवार शाम से यहां लगातार बर्फबारी हो रही है। इन दिनों इस क्षेत्र के लोग अपने शीतकालीन प्रवास जनपद चमोली के मैदानी भागों में निवास करते हैं। पिछले तीन चार दिन से लगातार खराब मौसम के कारण गांव वाले अपने मूल गांव के घरों का जायजा लेने गए तो वहां पर पहुंच कर देखा कि कई घरों के छते बर्फीली हवाएं से उड़ी हुई है।
इसके साथ ही साथ द्रोणागिरी पहुंचने का एक मात्र पैदल मार्ग भी कई जगह पर अत्यधिक बर्फबारी के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है। इसकी सूचना कागा प्रधान व जिला महामंत्री प्रधान संघ चमोली पुष्कर सिंह राणा ने जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना को दूरभाष के माध्यम से दी। वहीं अचानक मौसम का मिजाज बदला और राजधानी देहरादून सहित कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई।