अल्मोड़ा के मौलेखाल कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे मोहान रेंज के तड़म (बेलम) गांव के एक लकड़ी लेने जंगल गए बुजुर्ग को बाघ ने मार डाला। जिसके बाद सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रेंकुलाइजिंग गन, पिंजरा, ड्रोन आदि उपकरण सहित मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षप्त शव को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तड़म (बेलम) गांव के खीम सिंह (60) रोजाना लकड़ी, घास आदि लेने जंगल जाते थे। मंगलवार को भी रोजाना की तरह वह सुबह करीब सात बजे लकड़ी लेने घर से जंगल की ओर निकले लेकिन वापस घर नहीं लौटे। ग्रामीणों ने बताया बुजुर्ग रोजाना 10 बजे तक घर वापस लौट आते थे लेकिन 11 बजे तक भी वह वापस नहीं लौटे तो पत्नी मुन्नी देवी की चिंता बढ़ गई। पत्नी ने गांव वालों को साथ लेकर खोजबीन शुरू कर दी। घर से थोड़ी ही दूरी पर एक ग्रामीण को खून के कुछ धब्बे दिखाई देने से किसी अनहोनी का शक गहराते ही खीम सिंह की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। थोड़ी दूरी पर ही घर से करीब एक किमी दूर घने जंगल में खीम सिंह का क्षत-विक्षप्त हालत में शव बरामद हो गया। घटनास्थल पर लोगों को शव का सिर और टांगे ही मिली हैं, बाकी शरीर के बीच के हिस्से को बाघ ने बुरी तरह खाने के बाद क्षत-विक्षप्त हालत में ऐसे ही छोड़ दिया।
ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहान रेंज के रेंजर गंगा शरण अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही जिला प्रशासन से एसडीएम रिंकु बिष्ट और तहसीलदार आबिद अली भी टीम के साथ रवाना हो गए। शव को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।