जहरीले पौधे धतूरा का सेवन करने से एक ही परिवार के तीन लोग बीमार

नैनीताल जिले के ग्रामीण क्षेत्र में जहरीले पौधे धतूरा के सेवन से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को देर रात बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।


जानकारी के अनुसार निगलाट सिरोड़ी निवासी लक्ष्मी देवी (85) मंगलवार शाम खेत में साग तोड़ने गई थीं। आंखों से कम दिखाई देने के कारण वह अनजाने में साग के साथ धतूरा भी तोड़ लाई। शाम को लक्ष्मी देवी, उनके बेटे करन रौतेला (56) और बहू प्रियंका (25) ने वही सब्जी और रोटी खा ली। खाना खाने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें चक्कर आने लगे।
परिवार की बेटी कोमल ने जिसने वह सब्जी नहीं खाई थी, उसने उनकी हालत देखी तो पूछताछ की। इसके बाद खेत में जाकर देखा गया तो पता चला कि सब्जी में धतूरा मिल गया था। आनन-फानन में परिजन तीनों को देर रात बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि खेतों से साग-सब्जी तोड़ते समय सावधानी बरतें और किसी भी अनजान पौधे का सेवन न करें। बताया कि अब तीनो की हालत ठीक है।