निकाय चुनाव में टिकट कटने से कांग्रेस में विरोध के स्वर थम नहीं रहे हैं। डैमेज कंट्रोल करने के लिए प्रदेश कांग्रेस रूठों को मनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा नाराज पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बात कर उन्हें मनाने का प्रयास करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, इस समय हमारी बड़ी लड़ाई भर्ती घोटाला और महिलाओं पर अत्याचारों के खिलाफ है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों के उम्मीदवारों ने चुनावी रण में मोर्चा संभाल लिया है, लेकिन दूसरी तरफ टिकट न मिलने के कारण रूठों से कांग्रेस भी असहज हो रही है।
जिलों में टिकट आवंटन को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी मेयर पद पर पत्नी का टिकट कटने से पार्टी छोड़ने की धमकी दे चुके हैं। इसी तरह देहरादून, पिथौरागढ़ समेत अन्य जिलों में टिकट आवंटन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आ रही है। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि हाईकमान के फैसले के अनुसार मेयर पद पर प्रत्याशी घोषित किए गए, जबकि नगर पालिका व नगर पंचायतों के टिकट प्रदेश समन्वय समिति में गहन मंथन के बाद तय किया गया।