त्यूणी में हादसा; 50 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, उत्तरकाशी के व्यक्ति की मौत

पुरटाड रोड पर शनिवार रात एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उत्तरकाशी की मोरी तहसील के सुनकुंडी निवासी खजान दास (40) की मौत हो गई, जबकि ग्राम सूचानू निवासी रविन लाल (34) घायल हो गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया।


घटना शनिवार रात की है। सुबह करीब 7:40 बजे कंट्रोल रूम से वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वाहन के पास एक व्यक्ति मृत और एक घायल मिला। घायल को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।