थारू जनजाति की लोक गायिका रिंकू राणा की ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा कुचले जाने से हुई मौत

मायके से होली खेलकर स्कूटी से अपने घर जा रही थारू जन जाति की प्रथम लोक गायिका रिंकू राणा की गुरुवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।


उत्तराखंड स्थित नौगजा, कल्याणपुर निवासी जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा (33) पत्नी महेश राणा होली खेलने स्कूटी से अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना गई थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थी। गायिका रिंकू के साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी थी। तभी तेज गति से आ रहा ईंटों से ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनको टक्कर मार दी।
दुर्घटना में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। आस-पास के लोगों ने घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी की हालत सामान्य है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व ट्रैक्टर ट्रॉली अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।