प्रदेशभर में भले ही बीते कुछ दिनों से तेज धूप के कारण गर्मी सताने लगी है, लेकिन इस हफ्ते सभी जिलों में मौसम बदलने से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 11 अप्रैल से प्रदेशभर के सभी जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ झोकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, रविवार के तापमान पर नजर डालें तो सभी जिलों के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो-तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने से गर्मी का अहसास हुआ। राजधानी दून का अधिकतम तापमान दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिनभर व्यस्त रहने वालीं सड़कें दोपहर के समय खाली-खाली नजर आईं। वहीं ,पंतनगर का अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़ोत्तरी के सथ 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। 2171 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मुक्तेश्वर का तापमान एक डिग्री से अधिक बढ़ोत्तरी के साथ 22.5 डिग्री दर्ज किया गया।