दून में संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर, महिला अधिकारियों ने संभाली रात्रि चेकिंग

देहरादून में ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते प्रतिदिन रात्रि में एसपी सिटी और एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही हैं।


गुरुवार देर रात संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा नगर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। कई स्थानों पर गहन निरीक्षण किया गया। जिसके बाद संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के ठिकानों पर पुलिस द्वारा औचक छापा मारा गया।
इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने और निर्धारित समयावधि के बाद खुले रहने वाले बार और रेस्टोरेंट के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। रात्रि चेकिंग की कमान महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाली। रायपुर क्षेत्र के चुना भट्टा सपेरा बस्ती में भी पुलिस टीम द्वारा ताबड़तोड़ छापा मारे गए।