नहीं मिटे गुंजन के खून के निशां, मां का रो रोकर बुरा हाल

एकतरफा प्रेम में शादीशुदा युवक ने चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर युवती की हत्या कर दी। आकाश रोजाना गुंजन से मिलने की कोशिश करता था। उसने खुद को अविवाहित बताते हुए गुंजन से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर विवाह का दबाव बनाने लगा। गुंजन मना करती थी तो वह उसे धमकी देता था। उसने गुंजन से कहा था कि तू अगर मुझसे शादी नहीं करेगी तो मैं तुझे जान से मार दूंगा। तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो किसी की भी नहीं हो सकती। और फिर मच्छी बाजार के पास 23 वर्षीय गुंजन की चापड़ से गर्दन पर वार कर बीच बाजार में हत्या कर दी थी।


गुंजन की हत्या के 48 घंटे बाद भी खून के निशां दीवारों से नहीं मिटे। खौफनाक वारदात के बाद घटनास्थल देखने के लिए भी लोगों का तांता लगा रहा। वारदात को कितनी बेरहमी से अंजाम दिया गया, घटनास्थल पर मौजूद खून के छींटे इसकी तस्दीक कर रहे हैं। चश्मदीद बताते हैं कि आरोपी ने गुंजन की गर्दन पर करीब 18 बार हमला किया। बचाव में उसके हाथ की अंगुलियां और नाक भी कट गईं। गुंजन की हत्या की खबर जब मां ज्योति श्रीवास्तव को लगी तो वह बदहवास हो गईं। उनका रो रोकर बुरा हाल है। वह सभी से सिर्फ न्याय की गुहार लगा रही है। संवाददाता से बातचीत के दौरान ज्योति की आखों से आंसू छलक पड़े।