पर्यटक बनकर टैक्सी से कर रहे थे गांजे की तस्करी, 66 किलो मादक पदार्थ के साथ तीन आरोपि गिरफ्तार

नशामुक्त पहाड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए हैं। जिनके पास से 66 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस को झांसा देने के लिए तस्करों ने पर्यटक बन टैक्सी की छत पर गांजा कट्टे तथा बैगों में भरा हुआ था। पकड़े गए आरोपित पहले से ही पहाड़ से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त बताए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश और तस्करी में लिप्त अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से कप्तान देवेंद्र पींचा के निर्देशन में मुहिम चलाई गई है।


जिसके तहत सोमवार को कोतवाल भुवन जोशी की अगुआई में पुलिस ने खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर नगर के पन्याली क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान एक टैक्सी को रोका। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पूछताछ के बाद पर्यटक बने विकास पुत्र अजय सिंह ग्राम खरमासा थाना काशीपुर, अनमोल सिंह पुत्र ब्रायन सिंह मोहल्ला रामपुरा थाना काशीपुर तथा जसपाल सिंह पुत्र विक्रम सिंह ग्राम प्रतापपुर नंबर सात थाना नानकमत्ता (सभी ऊधम सिंहनगर) को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल भुवन जोशी के अनुसार तस्कर गांजे को सराईखेत से मुरादाबाद ले जा रहे थे।