- मानसून में हुई आपदा से प्रदेश को 1417.51 करोड़ का नुकसान हुआ है। कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हुई और पुल टूट गए। सचिव आपदा प्रबंधन रंजीत सिन्हा ने कहा, आर्थिक सहायता के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
बारिश से राज्य में गन्ने की फसल को सबसे अधिक 464.49 करोड़ का नुकसान हुआ है। जबकि लोक निर्माण विभाग की सड़कें क्षतिग्रस्त होने और जगह-जगह पुल टूटने से 424.73 करोड़ और पीएमजीएसवाई की सड़कों को 132.13 करोड़ का नुकसान हुआ है ।
यूपीसीएल को 34.22 करोड़, पेयजल निगम को 13.68 करोड़, जल संस्थान को लाइनें क्षतिग्रस्त होने से 38.05 करोड़, सिंचाई विभाग को 76.42 करोड़, वन विभाग को 24.76 करोड़, पंचायती राज विभाग को 45.88 करोड़ का नुकसान हुआ है। मानसून में हरिद्वार जिले में सबसे अधिक 657.37 करोड़ का नुकसान हुआ है।
मानसून सत्र में 15 जून से अब तक विभिन्न आपदाओं में करीब 101 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 50 लोग घायल हुए और 16 लापता हैं। वहीं, 59 लोगों के आवास पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 512 को काफी नुकसान हुआ है। वहीं भवन 2484 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।