प्रदेश में मौसम के हाल, कल पश्चिमी विक्षोभ करा सकता है बारिश, ठण्ड के बढ़ने के आसार

उत्तराखंड में शुष्क मौसम के कारण अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है, जिससे दिन के समय गर्मी हो रही है। वहीं, न्यूनतम पारे में गिरावट आने के चलते सुबह और शाम को ठंड बढ़ गई है।


देहरादून में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है । मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देहरादून सहित ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पारे में भी मामूली गिरावट आने की संभावना है।इन दिनों उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक चटक धूप खिल रही है।वहीं शाम होते ही ठिठुरन वाली ठंड हो रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी के तेवर दिखाई दे रहे हैं। हालांकि रात के समय पाला गिरने से न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आने लगी है। जिस कारण कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। शुक्रवार के बाद हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता हो सकती है। इससे कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना भी है। मौसम की बेरुखी के चलते नवंबर महीने की समाप्ति के समय भी लोग गर्मी झेल रहे हैं। नवंबर में दिन के समय गर्मी और सुबह शाम ठंड ने लोगों को परेशान किया हुआ है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी और सुबह शाम भारी ठंड हो रही है।