लोक भवन में इस वर्ष वसंतोत्सव 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल ने घोषणा की कि इस साल प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।

बैठक में राज्यपाल ने निर्देश दिए कि वसंतोत्सव को पूरी उमंग, उत्साह और उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए। इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे आम जनमानस इस आयोजन से सीधे जुड़ सके। उन्होंने वसंतोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि इसे अन्य राज्यों से भी जोड़े जाने के प्रयास किए जाएं। इसके लिए अन्य प्रदेशों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित किए जाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि कि वसंतोत्सव के दौरान आईएचएम, जीएमवीएन और राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से फूड कोर्ट स्थापित किए जाएं, जो पारंपरिक मोटे अनाज (मिलेट) की थीम पर आधारित हो। वसंतोत्सव के माध्यम से विशेष रूप से शहद उत्पादन को प्रोत्साहन दिया जाएगा। घोषणा की गई कि इस वर्ष से वसंतोत्सव के अवसर पर प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को राज्यपाल विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।