बगीचे में काम कर रहे व्यक्ति पर तेंदुए ने किया हमला, शोर मचाने पर भागा

तराई पश्चिम वन प्रभाग की रामनगर रेंज स्थित भगुवाबंगर क्षेत्र में तेंदुए ने बगीचे में काम कर रहे व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया। जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मजदूर की कमर के पास तीन टांके आए हैं।


भगुवाबंगर निवासी मजदूर बुधवार सुबह घर के पास स्थित बगीचे में काम कर रहा था। इस बीच घात लगाए तेंदुए ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। और उसके शरीर पर दो पंजे मारे, मजदूर के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल में भाग गया। आसपास मौजूद अन्य लोगों ने आननफानन उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। रामनगर रेंज के रेंजर जेपी डिमरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।