श्रीनगर के विकास खंड कीर्तिनगर के मलेथा और लक्ष्मोली गांव के बीच रविवार को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की निर्माणाधीन करीब तीन किलोमीटर लंबी सुरंग आर-पार हो गई है। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी व रेल विकास निगम और कार्यदायी एजेंसी नवयुगा इंजीनियरिंग कंपनी के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने मिष्ठान वितरण किया। इस सुरंग की लंबाई 2.869 किमी है।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि रेल परियोजना का निर्माण कार्य बड़ी तेजी के साथ चल रहा है। कई जगहों पर सुरंगें आर पार होने से पहाड़ पर रेल के जल्द से जल्द पहुंचने की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मधुसूदन ने कहा कि अब सुरंग के अंदर के सभी कार्याें को तेजी के साथ पूरा किया जाएगा।