मासूम को 20 मीटर घसीट ले गई रोडवेज बस, मौत से गुस्साए लोगों किया पथराव

भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास दर्दनाक हादसे में पांच साल की मासूम कनक की रोडवेज बस की चपेट में आकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रुद्रपुर डिपो की बस बच्ची को सामने से टक्कर मारने के बाद अपने साथ घसीटती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची को करीब 20 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी थे, जो किसी तरह बच गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए और हंगामा शुरू कर दिया।
हादसे के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। तिकोनिया से लेकर भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर हालात संभालने में जुटी रही।