शांतिकुंज हरिद्वार के रोहित यादव ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत योगासना टीम इवेंट दशावतार थीम में स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है। जिसके साथ ही अब उत्तराखंड को नेशनल गेम्स 2025 में 9 गोल्ड मैडल मिल चुके हैं।
रोहित यादव ने स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। शैलदीदी ने रोहित को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेंद्र गिरी, गायत्री विद्यापीठ की व्यवस्था मंडल की प्रमुख शेफाली पंड्या और अन्य कार्यकर्ताओं ने रोहित को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। रोहित को अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 4 स्वर्ण, 3 सिल्वर और 2 ब्रांज मेडल मिल चुके हैं। रोहित ने जिला व प्रांत स्तर पर 62 पदक भी प्राप्त किए हैं। रोहित का सपना एशियन गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण जीतना है।
रोहित यादव की बहन शांभवी यादव भी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वे देवसंस्कृति विवि में अध्ययनरत हैं। रोहित यादव के पिता, रविंद्र यादव शांतिकुंज के कार्यकर्ता हैं और योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वे शांतिकुंज में योग साधकों को प्रशिक्षण देते हैं।