दून के लच्छीवाला नेचर पार्क में आज से वाइल्ड समर फेस्ट का शुभारंभ किया गया। 15 जून तक चलने वाला यह फेस्ट प्रकृति और रोमांच के संगम से सजेगा। समर कार्निवलमें हर आयु वर्ग के लिए कुछ खास है।

वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि प्रकृति प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों के लिए वाइल्ड समर फेस्ट की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय निवासियों, विशेषकर बच्चों को कुदरत के करीब लाना है।
एडवेंचर जोन में रोमांच पसंद करने वालों के लिए रॉक क्लाइंबिंग और अन्य साहसिक खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जबकि प्रकृति पथ में जंगल की शांति के बीच पैदल भ्रमण और अनोखा अनुभव मिलेगा।वहीं, सांग नदी किनारे जल क्रीड़ा, इको-क्राफ्ट्स में पर्यावरण के अनुकूल शिल्प बनाने की कला सीखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा लोग परिवार के साथ बोटिंग का आनंद भी उठा सकेंगे। यह फेस्ट प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।