गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार आएंगे। वह जन संवाद और प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास कार्याें की समीक्षा करेंगे। धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर सरकार और संगठन का ये बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को प्रदेश टोली की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के हिसाब से नब्ज टटोलेंगे। इसकी तैयारी प्रदेश संगठन ने शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि यहां से गृह मंत्री चुनावी बिगुल फूंकने वाले हैं।

शाह के कार्यक्रम के दौरान ही भाजपा प्रदेश टोली की बैठक होगी। इसमें कोर कमेटी के सभी सदस्यों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के तीनों महामंत्री, सरकार के मंत्री व कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। शाह इस बैठक में जीत की हैट्रिक के मद्देनजर नब्ज टटोलेंगे।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश में सरकार बदलाव की चर्चाओं पर पूरी तरह से विराम लगाने की तैयारी में है। अमित शाह उत्तराखंड में राजनीतिक स्थायित्व को लेकर भी संदेश देंगे। लगातार दो सरकार के बाद अगर कहीं एंटी इनकंबेंसी हुई है तो उसे प्रो इनकंबेंसी में बदलने की रणनीति भी तय की जाएगी।