
राजधानी स्थित शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राजकीय शिक्षक संघ और मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों में विरोध है। आज कर्मचारियों ने बैठक की और आंदोलन की रणनीति तय की। बैठक में तय किया गया कि शिक्षा निदेशक से मारपीट के विरोध में कल और परसों प्रदेश के सभी कार्यालय कर्मचारी और अधिकारी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। इसके साथ ही शिक्षा निदेशालय में धरना देंगे। उन्होंने भाजपा विधायक सहित मारपीट और तोड़फोड़ के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अरुण पांडे, महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। कहा कि घटना का विस्तृत विवरण अभी उपलब्ध नहीं है। इसलिए इस संबंध में विस्तृत टिप्पणी करना संभव नहीं है, लेकिन किसी भी सरकारी कार्यालय में इस प्रकार की घटना अत्यंत अशोभनीय एवं निंदनीय है। उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति ने शिक्षा निदेशक पर हुए हमले की घोर निंदा की।