उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलते ही पहाड़ों पर बर्फबारी के खूबसूरत नजारे सामने आने लगे हैं। बर्फबारी ने ऊंचाई वाले इलाकों को सफेद चादर में ढक दिया है। चकराता से लेकर गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा तक बर्फ गिरने से ठंड बढ़ी है। इसी के साथ पर्यटन स्थलों पर उत्साह और रौनक लौट आई है।

लंबे इंतजार के बाद प्रदेश में आज शुक्रवार को आखिरकार मौसम ने करवट ली। जिसके साथ ही चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित आसपास की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर में ढक गई हैं। बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उत्तरकाशी जनपद में भी मौसम ने अचानक रुख बदला है।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के आसपास के इलाकों में बर्फ गिरने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। निचले इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। सीजन की पहली बर्फबारी की शुरुआत इस बार बसंत के आगमन के साथ हुआ है । बर्फ का इंतजार लोग काफी समय से कर रहे थे। किसानों की चेहरे पर रौनक लौटी है।