सोनीपत से बुक हुई ऊबर कैब को दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर लूटा, आरोपियों की तलाश जारी

हरियाणा के सोनीपत से बुक कर लाई गई ऊबर कैब को दो बदमाशों(यात्री) ने शनिवार देर रात देहरादून में बालावाला से रायपुर के बीच लूट लिया। दोनों ने चालक को पैसे देने के लिए कैब से उतारा और पिस्तौल दिखाकर कैब लूटकर भाग गए। चालक ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी गई। लेकिन, कैब लेकर भागे यात्री का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस को यात्री के बारे में ऊबर से भी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। यही नहीं चालक के पास भी उसकी कोई खास जानकारी नहीं है। हालात ये हैं कि घटना के करीब 18 घंटे बाद भी पुलिस तमाम कहानियों के बीच उलझी हुई है।

 

घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे हुई। चालक इमरान अहमद ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उससे जानकारी ली तो पता चला कि वह दो युवकों को सोनीपत के मुर्थल से देहरादून ला रहा था। जिन्हे चक्की नंबर चार के पास छोड़ना था। चक्की नंबर चार के पास आकर युवकों ने कार रुकवाई और चालक को पैसे लेने के लिए कहा। चालक कार रोककर नीचे उतर गया। ये दोनों युवक भी नीचे उतरे और चालक की कनपटी से पिस्तौल सटाकर उसे वहां से भाग जाने को कहा। इसके बाद दोनों युवक कार लेकर भाग निकले। एसपी देहात ने बताया कि जिस रूट से चालक आना बता रहा है वहां के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।
चालक को इन दोनों के नाम तक तक नहीं पता हैं। इसके लिए जब ऊबर से संपर्क किया गया तो उन्होंने रविवार का दिन होने का हवाला देते हुए जानकारी देर से उपलब्ध कराने की बात कही है। अभी तक ऊबर की ओर से भी कोई जानकारी नहीं आई है।कार मुर्थल से वाया सहारनपुर और आईएसबीटी के रास्ते रायपुर क्षेत्र में पहुंची थी। बता दें जो कैब लूटी गई उसमें जीपीएस भी नहीं लगा है। ऐसे में यह बात भी पुलिस के लिए उलझन भरी है।