आठ मार्च को होगा श्री झंडे जी का आरोहण, 10 को नगर में निकाली जाएगी परिक्रमा

आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक श्री झंडे जी का आरोहण इस बार आठ मार्च को किया जाएगा । जिसके साथ ही श्री झंडे जी मेला भी शुरू हो जाएगा। इससे पहले पांच मार्च को गिलाफ सिलाई का काम शुरू होगा। इसके बाद 10 मार्च को नगर परिक्रमा निकाली जाएगी।


शनिवार को श्री झंडे जी मेले का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि मेला इस बार आठ मार्च को आरोहण के साथ शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा। सबसे पहले 25 फरवरी को श्री दरबार साहिब के प्रतिनिधि सुबोध उनियाल पंजाब की पैदल संगत के लिए बिहलौलपुर के महंत वियंतदास के नाम का हुकुमनामा श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के हस्ताक्षर कराकर बड़ागांव लेकर जाएंगे। 27 फरवरी को श्रीमहंत पैदल संगत के स्वागत के लिए अराईयांवाला जाएंगे।
एक मार्च को श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज पैदल संगत के साथ श्री दरबार साहिब में प्रवेश करेंगे। इसके साथ ही संगत का आना भी शुरू हो जाएगा। पांच मार्च को गिलाफ सिलाई के साथ ही पवित्र ध्वजदंड को बांबेबाग से श्री दरबार साहिब लाया जाएगा। सात मार्च को पूर्वी संगत की विदाई होगी। नौ मार्च को संगत दिनभर श्री दरबार साहिब में मत्था टेकेंगी।
श्री झंडे जी का आरोहण आठ मार्च को किया जाएगा। सुबह आठ बजे से नौ बजे तक श्री झंडे जी को उतारा जाएगा। इसके बाद स्नान कराकर सादा गिलाफ, शनील गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज परिसर में सेवकों को आशीर्वाद देंगे और दर्शनी गिलाफ चढ़ाया जाएगा। शाम को चार से पांच बजे तक श्री झंडे जी का आरोहण होगा।