सीएम पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को चमोली में हुए करंट हादसे में झुलसे पीड़ितों से मिलने गोपेश्वर पहुंचे। जिस दौरान पुलिस गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और वहीं, धरने पर बैठ गए। तो दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, मनीष खंडूरी और विधायक राजेंद्र भंडारी मुख्यमंत्री से मिले। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नगर विकास व वित्त मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद भट्ट, ऋषिकेश महापौर अनिता ममगाईं और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने एम्स पंहुचकर घायलों का हालचाल जाना। हादसे में घायल हुए मरीजों को एम्स की ट्राॅमा इमरजेन्सी में भर्ती किया गया है। सभी घायलों को अगले 12 घंटे तक वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम की निगरानी में आब्जर्वेशन में रखा जायेगा।
चमोली हादसे को लेकर आज गोपेश्वर पीपलकोटी जोशीमठ कर्णप्रयाग व गोचर समेत पूरे जिले में बाजार बंद रखे गए हैं। बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, टैक्सियों का संचालन भी बंद है।