चाची और दो चचेरे भाइयों संग मिलकर युवक ने की अपने सगे भाई की हत्या, जंगल में ठिकाने लगाया शव

वनराजियों के गांव भक्तिरवा किमखोला में वनराजी युवक ने चाची और दो चचेरे भाइयों के साथ मिलकर अपने सगे भाई की हत्या कर दी। जिसके बाद चारों ने मिलकर शव को जंगल में ठिकाने भी लगा दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर के बाद पुलिस ने जंगल से शव बरामद कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने बताया, 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) पुत्र स्व. बहादुर सिंह रजवार का किसी बात को लेकर अपनी चाची बसंती देवी(39) से विवाद हो गया। बसंती देवी के दोनों बेटे जनक सिंह(25), रमेश सिंह(21) के साथ ही कुंदन सिंह का सगा भाई प्रदीप सिंह(30) भी मौके पर पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ा कि चाची, चचेरे और सगे भाई ने मिलकर उस पर लोहे की रॉड और डंडों से वार कर उसकी हत्या कर दी।
दूसरे दिन 23 मार्च की सुबह चारों ने मिलकर शव को जंगल में फेंक दिया। मृतक की पत्नी ने जौलजीबी में घटना की तहरीर दी। सूचना के बाद पुलिस ने जंगल में खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव मिल गया जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। मृतक का पिथौरागढ़ स्थित जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।