बनभूलपुरा इंटर कालेज की छुट्टी के बाद दो छात्रों में झगड़ा हो गया। बीच बचाव करने आए आठवीं के छात्र को छठवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र के सिर पर पेपर कटर ब्लेड से मार दिया।
घटना में पेपर कटर से मारने वाले छात्र के हाथ में भी चोट आई है। दोनों का बेस अस्पताल में उपचार किया गया है। आठवीं के छात्र के सिर पर कटर लगने से 12 टांके आए हैं। छात्रों के गुटों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ इसकी पुलिस जांच कर रही है।

गौलापार निवासी 13 वर्षीय छठी कक्षा के छात्र का स्कूल के ही अन्य छात्रों से किसी बात को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे स्कूल की छुट्टी हुई। इस दौरान दो छात्रों के गुटों में हाथापाई हो गई। इस पर बनभूलपुरा निवासी 16 वर्षीय आठवीं का छात्र बचाव में उतरा तो गौलापार निवासी छठी के छात्र ने उसके सिर और हाथ पर पेपर कटर ब्लेड से हमला कर दिया।
घटना में आठवीं के छात्र के माथे के ऊपर सिर पर बुरी तरह चोट लग गई। उसके सिर में गहरा घाव हो गया जबकि दाएं हाथ की दो अंगुलियां भी कट गई। बताया कि दोनों छात्रों के गुटों की लड़ाई स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्कूल में हुई है। छठवीं के छात्र ने पेपर कटर ब्लेड से आठवीं के छात्र पर हमला कर दिया है। फिलहाल दोनों परिवार वालों की ओर से एक दूसरे के विरुद्ध कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।