देहरादून की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने निवेश के नाम पर 1.31 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) के एक व्यक्ति को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ठगी को अंजाम दिया था।

महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर क्षेत्र से गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति को निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में 1 करोड़ 31 लाख रुपये जमा करा लिए थे और पीड़ित कि शिकायत पर देहरादून साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया था।
मामले में STF की टीम ने जांच के दौरान बैंक खातों, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबरों को खंगालना शुरू किया जिससे आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ।गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक उत्तम बाफना (32), आशीष कुमार (27) और मोहम्मद श्रिम उर्फ नासिर (31) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगो से की अपील
वहीं एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल या वीडियो कॉल पर कोई व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। पुलिस, CBI या ED के नाम पर डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाने वालों से सावधान रहें, क्योंकि कोई भी एजेंसी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती है। उन्होंने कहा कि फर्जी निवेश ऑफर, टेलीग्राम या यूट्यूब आधारित कमाई योजनाओं से दूर रहें। कम समय में ज्यादा मुनाफे के लालच में न आएं और किसी भी तरह की ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।