प्रसिद्ध वरिष्ठ पर्वतारोही और नंदा देवी टूर एंड ट्रैक के मालिक, बीरू बुग्याल का देहरादून में निधन

पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के प्रसिद्ध वरिष्ठ पर्वतारोही और नंदा देवी टूर एंड ट्रैक के संचालक बीरू बुग्याल का शुक्रवार को देहरादून में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से किडनी की बीमारी के चलते डायलिसिस पर थे। उनके निधन की खबर से सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी समेत पूरे प्रदेश के साहसिक पर्यटन प्रेमियों में शोक की लहर है।


देश और दुनिया के नामचीन पर्वतारोहियों में शुमार बीरेंद्र सिंह बृजवाल लोगों के बीच बीरू बुग्याल के नाम से ही जाने जाते थे। वह मूल रूप से मुनस्यारी के मल्ला घोड़पट्टा के रहने वाले थे। उनके नाम पर मुनस्यारी क्षेत्र की लगभग सभी छोटी-बड़ी पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक आरोहण का रिकॉर्ड दर्ज है। देश ही नहीं बल्कि विदेशी पर्वतारोही भी उनके गहरे अनुभव और मार्गदर्शन का लोहा मानते थे।