मौसम अपडेट: केदारनाथ-गंगोत्री सहित पहाड़ों पर हुई बर्फबारी, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठिठुरन

 

आखिरकार उत्तराखंड मौसम ने करवट ले ली है। जिसके साथ ही राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। निचले इलाकों में बूंदाबारी और हल्की बारिश हुई है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने मौसम को और सर्द बना दिया है। केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी जैसे इलाकों में बर्फ की फुहारें गिर रही हैं। मौसम बदलने से ठिठुरन बढ़ गई है।


राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है।पहाड़ों की रानी मसूरी में लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे मौसम में ठंड बढ़ गई है। वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के साथ सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई है और बादल छाए हुए हैं।आसमान में बादल छाए हैं, तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।