उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को दिनदहाड़े युवती गुंजन की निर्मम हत्या ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मच्छी बाजार जैसे व्यस्त इलाके में धारदार हथियार से की गई इस हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती गुंजन पर आरोपी आकाश कुमार ने बीच बाजार हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया है कि आरोपी आकाश कुमार काफी समय से गुंजन का पीछा कर रहा था। दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन आकाश की शादी का पता चलने के बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसका पीछा करता रहा। दो दिन पहले आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके बाद गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं सोमवार सुबह वह घर के बाहर इसी दौरान बाइक पर आया एक युवक उससे बात करने लगा। इसी बातचीत के दौरान उसने चापड़ निकालकर गले पर वार कर दिया। गुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई।