मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले में आयोजित तीन दिवसीय जनजातीय समागम सम्मेलन के समापन दिवस पर शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जनजातीय संस्कृति की सराहना करते हुए समुदाय के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई ।पौणा नृत्य के साथ सीएम धामी का स्वागत किया गया। भोटिया जनजाति के लोगों ने सीएम को ऊनी परिधान दोखा पहनाया।

जनपद चमोली के बिरही बेड़ू बगड़ में जनजाति समुदाय की ओर से तीन दिवसीय जनजातीय समागम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन दिवस पर मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पीपलकोटी पहुंचे। जहां से वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक गए। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे आयोजकों ने गाजे-बाजे की थाप पर पोणा नृत्य करते हुए मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें—शीतकालीन आवास हेतु भूमि का निस्तारण,भोटिया पड़ाव बेड़ू बगड़ की भूमि को जनजातीय हित में संरक्षित करना,गौरा देवी के नाम पर भोटिया पड़ाव में मूर्ति स्थापना,पर्यावरण संरक्षण आधारित पार्क का निर्माण शामिल हैं।