चमोली में पुलिस ने नकली ज्वैलरी पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर लोगों को बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हॉलमार्क लगाने की मशीन व अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

बता दें कि 19 मार्च को लवली रावत पत्नी संदीप रावत ज्योतिर्मठ ने कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उन्होंने जुलाई 2025 में अपनी नथ व झुमके 40 हजार में प्रतिमाह दो हजार रुपये ब्याज पर अपर बाजार ज्योर्तिमठ स्थित आदय ज्वैलर्स के संचालक बंटी कुमार के पास गिरवी रखे थे।
नवंबर में 40 हजार वापस करने के बाद दिसंबर माह में उन्होंने ज्वैलरी वापस ली। जब उन्होंने नथ और झुमके पहने तो अन्य लोगों ने उनके नकली होने की आशंका व्यक्त की। ज्वैलरी की चमक एवं गुणवत्ता पर शक होने पर वे ज्वैलरी को बाजार के अन्य ज्वैलर्स के यहां दिखाया। जहां उन्हें पता चला कि नथ और झुमके नकली है। जिन पर चालाकी से होलमार्क लगाया गया था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ज्योतिर्मठ ने मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी बंटी कुमार से पीली धातु की नकली दो नथ व दो झुमके कब्जे में लेकर सील किए गए। आरोपी बंटी कुमार को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की गई। जिसमें अभियुक्त ने अपना गुनाह स्वीकार किया है।