हरिद्वार में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर 50 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

विजिलेंस ने हरिद्वार से आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। सैनी ने यह रिश्वत रुड़की क्षेत्र की एक आंगनबाड़ी सहायिका के प्रमोशन के लिए मांगी थी। आरोपी के घर पर भी विजिलेंस ने छापा मारा। बताया जा रहा है कि वहां से भी कई दस्तावेज बरामद हुए हैं।


विजिलेंस ने यह कार्रवाई हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय में की है। यहां पर डीपीओ रुड़की कार्यालय में तैनात राखी सैनी रुड़की क्षेत्र की आंगनबाड़ी सुपरवाइजर हैं। इसी क्षेत्र की एक आंगनबाड़ी सहायिका का प्रमोश काफी दिनों से लंबित था। ऐसे में सैनी उसे लगातार टालती आ रही थी। इस बीच सहायिका ने सैनी से बात की तो उसने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। ऐसे में उसने विजिलेंस को डायल 1064 पर शिकायत कर दी। विजिलेंस ने शिकायत की जांच करते हुए मामले को सही पाया और ट्रैप टीम तैयार कर ली। सहायिका को उसने बुधवार को रोशनाबाद बुलाया था। जैसे ही वह रिश्वत लेकर पहुंची तो विजिलेंस की टीम ने पीछे से पहुंचकर राखी सैनी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।