रायपुर थाना क्षेत्र के सुन्दरवाला इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान उसने अपनी पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। घटना के बाद स क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली। कॉलर ने बताया कि सुन्दरवाला निवासी शुभम (24), पुत्र नरेंद्र सिंह, ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि परिजनों ने युवक को फंदे से उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा दिया था। जिसके बाद तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बताया की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि मृतक का नवंबर 2024 में प्रेम विवाह हुआ था और वह ड्राइविंग का कार्य करता था। साथ ही पत्नी के साथ विवाद की बात भी सामने आई है।