कार ने स्कूटी सवार को रौंदा, मौत के बाद लोगों ने काटा हंगामा

श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीचौकी के पास बुधवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। कांगड़ी की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि कार चालक नशे में धुत था और उसने इस दौरान कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रवेश (40) निवासी चंडीघाट अपनी पत्नी को कांगड़ी छोड़कर कुछ जरूरी सामान लेने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह चंड़ी चौकी के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि कार में चालक समेत कुल चार लोग सवार थे और सभी नशे की हालत में थे। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और चालक ने आगे चल रही दो अन्य कारों और दो-तीन दोपहिया वाहनों को भी जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
हादसा देख मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। नशे में धुत कार सवारों की इस करतूत से लोगों में भारी आक्रोश था। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब स्थिति को संभालने का प्रयास किया तो भीड़ और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया है।