अब स्कूलों में हर शनिवार को पढ़ाया जाएगा उत्तराखंड के गौरवशाली राजाओं का इतिहास

प्रदेश के सभी विद्यालयों में अब हर शनिवार को छात्र-छात्राओं को देश और प्रदेश के राजाओं के गौरवशाली अतीत से परिचित कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने राज्य के राजाओं वसुदेव कत्यूरी, कनकपाल, अजयपाल, प्रद्युम्न शाह, सोमचंद, ज्ञानचंद आदि की वीरता एवं साहस से छात्रों को परिचित कराने की नई पहल की है।


माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 इस बात पर जोर देती है कि विद्यालयों में दी जा रही शिक्षा छात्र-छात्राओं को भारतीय ज्ञान परंपरा एवं गौरवशाली विरासत से जोड़े एवं उन्हें मूल्य आधारित, संवेदनशील व जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करे।
शिक्षा निदेशक ने कहा, राज्य के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को देश के गौरवशाली अतीत से परिचित कराया जाए। यह कार्यक्रम सभी विद्यालयों में एक साथ चलेगा। इसमें एकरूपता बनी रहे, लेकिन इससे अन्य विषयों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए हर शनिवार को विद्यालय समय-सारणी के अंतिम वादन में कक्षा छह से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 30 मिनट का एक वादन सृजित किया जाए। समय-समय पर स्कूलों में इससे संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी कराई जाए। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाए।