चंपावत में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र हाल मछियाड़ निवासी की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान भाला लगने से मौत हो गई। मौत के बाद परिजन और परिवार में शोक का माहौल है। मां और तीनों बहनें भाई की मौत पर यकीन नहीं कर पा रहा है।

शनिवार को गोरलचौड़ खेल मैदान में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा था। कॉलेज के सभी छात्र पूरे जोश के साथ अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए पहुंचे थे। करीब आठ बजे से कॉलेज के छात्र-छात्राओं का पहुंचना शुरू हो गया था। वहीं कॉलेज के शिक्षक और शिक्षिकाएं भी खेल गतिविधियां कराने के लिए तैयारियों में जुटे थे। 100 मीटर दौड़ की तैयारी चल रही थी। खेल मैदान में जिला प्रेक्षागृह वाले हिस्से में स्थित गोल पोस्ट के समीप कॉलेज की खेल सामग्रियों को रखा गया था इसमें भाला और अन्य खेल उपकरण भी रखे थे।
इस दौरान प्रेक्षागृह वाली तरफ कुछ बच्चे फुटबाल खेल रहे थे। इस दौरान उनकी फुटबाल बीच मैदान में आ निकल गई। पास में मौजूद पॉलिटेक्निक कॉलेज इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के 20 वर्षीय छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा पुत्र भूपाल सिंह बोहरा फुटबाल वापस देने के लिए आगे बढ़े। इस दौरान कॉलेज के ही एक छात्र ने गोल पोस्ट के पास रखे भाले को उठाकर फेंक दिया। इस भाला सीधा सोमेंद्र की बाएं कंधे की तरफ लग गया। वह मौके पर ही नीचे गिरे पड़े। कॉलेज के शिक्षक भी उस तरफ दौड़े और तुरंत ही भाला निकालकर छात्र को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद परिवार, परिचितों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल में चीख पुकार मचती रही। पुलिस ने पंचनाम भरा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों का सौंप दिया गया।